अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ प्रेस क्लब रामगढ़ के सत्र 2026 से 2028 के चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। जिला प्रशासन ने चुनाव को अपनी निगरानी में कराने की सहमति दे दी है। इसके बाद प्रेस क्लब में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। प्रेस क्लब की कार्यकारिणी समिति ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन से निगरानी का अनुरोध किया था। समिति का कहना था कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और विवादमुक्त तरीके से होनी चाहिए। इस प्रस्ताव पर विचार करने के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने प्रशासनिक देखरेख में चुनाव कराने की सहमति दे दी।
एसडीओ के नेतृत्व में होगी पूरी प्रक्रिया
प्रशासन की निगरानी में चुनाव का संचालन अनुमंडल पदाधिकारी यानी एसडीओ के नेतृत्व में किया जाएगा। नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा तक चुनाव के सभी चरण प्रशासन की देखरेख में होंगे। इससे चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह की आशंका और विवाद की गुंजाइश कम होगी।
सदस्यों में बढ़ा उत्साह
प्रशासन की सहमति मिलने के बाद प्रेस क्लब के सदस्यों में भी उत्साह देखा जा रहा है। सदस्यों का मानना है कि प्रशासन की निगरानी में चुनाव होने से सभी उम्मीदवारों और मतदाताओं को बराबर मौका मिलेगा। इससे चुनाव प्रक्रिया पर सदस्यों का भरोसा भी बढ़ेगा।
आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील
प्रेस क्लब की ओर से सभी सदस्यों से चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। साथ ही चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा, संगठन की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया गया है।
इसे भी पढ़ें : सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों को टान ले गयी पुलिस… जानें क्यों

