अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भाजपा नेता सह चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह को एक बार फिर से अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी है। यह धमकी व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से दी गई।
सूत्रों के अनुसार, 3 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे और 11 बजे के बीच भाजपा नेता के मोबाइल पर अज्ञात नंबर (828)7480850 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल सिंह बताया और धमकी देते हुए कहा कि— “बहुत कमा रहे हो और काम भी कर रहे हो। हमको रंगदारी देना होगा, नहीं तो अंजाम भुगतना होगा। तुम्हारे हर काम पर हमारी नजर है। बिना हमें मैनेज किए कोई काम नहीं कर पाओगे। अगर हमारी बात नहीं माने तो अंजाम बहुत बुरा होगा। गैंग को मदद करना पड़ेगा।”
इस धमकी के बाद रमेश सिंह ने तुरंत सुखदेवनगर थाना में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि रमेश सिंह को इससे पहले भी धमकी मिल चुकी है।
* करीब एक माह पहले उन्हें पीएलएफआई संगठन के नाम पर धमकी भरा कॉल आया था, जिसमें संगठन को मजबूत करने के नाम पर पैसों की मांग की गई थी।
* इससे पहले भी उन्हें धमकाने की कोशिश की गई थी।
इन दोनों मामलों में रमेश सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक रांची पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। अब तीसरी बार धमकी मिलने से भाजपा नेता और उनके परिजन दहशत में हैं।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि कॉल की जांच की जा रही है। मोबाइल नंबर के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
रमेश सिंह ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि वे निश्चिंत होकर सामाजिक और राजनीतिक कार्य कर सकें।
इसे भी पढ़ें : रेलवे NTPC UG भर्ती 2025: 28 अक्तूबर से 3050 पदों पर आवेदन शुरू

