अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के कई सरकारी विभागों में बंपर भर्तियां निकली हैं। सबसे ज्यादा पद स्वास्थ्य, आयुष, पशु चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग में हैं। कुल मिलाकर 2158 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयन होने पर उम्मीदवारों को अच्छी सैलरी के साथ स्थायी सरकारी नौकरी मिलेगी।
UPPSC ने जारी किया भर्ती नोटिफिकेशन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक साथ कई विभागों में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। मेडिकल, आयुष और संबंधित क्षेत्रों में पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है।
किस पद पर कितनी वैकेंसी
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 884 पद सामुदायिक स्वास्थ्य चिकित्साधिकारी आयुर्वेद और यूनानी के हैं। पशुचिकित्सा अधिकारी के 404 पद, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 265 पद, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के 221 पद और आयुर्वेद चिकित्साधिकारी के 168 पद शामिल हैं। इसके अलावा दंत सर्जन के 157 पद, औषधि निरीक्षक के 26 पद, यूनानी चिकित्साधिकारी के 25 पद, श्रम विभाग में होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 7 पद और विधायी विभाग में विधीक्षण अधिकारी का 1 पद है।
पद के अनुसार तय की गई योग्यता
हर पद के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। पशुचिकित्सा अधिकारी के लिए वेटरनरी साइंस में बैचलर डिग्री जरूरी है। विधीक्षण अधिकारी के लिए लॉ की डिग्री मांगी गई है। औषधि निरीक्षक के लिए फार्मेसी, दंत सर्जन के लिए डेंटल सर्जरी की डिग्री जरूरी है। आयुर्वेद और यूनानी पदों के लिए संबंधित बैचलर डिग्री और होम्योपैथिक पदों के लिए होम्योपैथी में डिग्री अनिवार्य है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के लिए सोशल साइंस या सोशियोलॉजी में मास्टर डिग्री होनी चाहिए।
उम्र सीमा और आरक्षण का लाभ
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 40 साल तय की गई है। आरक्षित वर्गों को उम्र सीमा में छूट मिलेगी। ओबीसी को 5 साल, एससी और एसटी को 5 साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को 15 साल की छूट दी जाएगी।
सैलरी कितनी मिलेगी
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 56,100 रुपये से लेकर 1 लाख 77 हजार 500 रुपये प्रतिमाह तक सैलरी मिलेगी। यह सभी पद स्थायी सरकारी नौकरी के अंतर्गत आते हैं।
आवेदन शुल्क की जानकारी
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 105 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी और एक्स सर्विसमैन उम्मीदवारों को 65 रुपये शुल्क देना होगा। दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क सिर्फ 25 रुपये है।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
चयन के लिए पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू होगा और अंत में मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी। सभी सवाल ऑब्जेक्टिव टाइप होंगे। पेपर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा। गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग रहेगी। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए कटऑफ 40 प्रतिशत जबकि एससी और एसटी के लिए 35 प्रतिशत तय की गई है।
आवेदन कैसे करें
आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को UPPSC की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। बिना ओटीआर आवेदन मान्य नहीं होगा। आवेदन upsconline.nic.in वेबसाइट पर जाकर करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, फीस जमा करें और फॉर्म सब्मिट कर दें।
इसे भी पढ़ें : बड़ा एनका’उंटर : 1.1 करोड़ के इनामी नक्सली का चैप्टर क्लोज

