अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्राशाली गांव में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय महिला सुनीता पूर्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। ठंड से बचने के लिए अलाव तापते समय उसकी साड़ी में अचानक आग लग गई थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।
शादी के हुए थे पांच महीने
ग्रामीणों के अनुसार सुनीता की शादी को अभी महज पांच महीने ही हुए थे। घटना के वक्त उसके पति विक्रम पूर्ति के परिवार में एक बुजुर्ग का निधन हुआ था। अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोग कब्रिस्तान गए हुए थे, जबकि सुनीता घर पर दो अन्य महिलाओं के साथ अलाव ताप रही थी।
घबराहट में बढ़ गई आग
अचानक साड़ी में आग लगते ही सुनीता घबरा गई और इधर उधर दौड़ने लगी। इसी दौरान आग और फैल गई, जिससे उसका शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई।
70 से 80 प्रतिशत तक झुलसी थी सुनीता
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि सुनीता 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे जमशेदपुर रेफर किया गया।
आर्थिक तंगी बनी इलाज में बाधा
परिजनों ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे जमशेदपुर ले जाने में असमर्थ थे। इसी वजह से सुनीता का इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में ही कराया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई।
मुआवजे की मांग पर उतरे ग्रामीण
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के बड़े भाई बुधराम पूर्ति सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि परिवार इस कठिन समय से उबर सके।
इसे भी पढ़ें : ’20 लाख नहीं दी तो फौजी कार्रवाई’, फा’यरिंग के बाद PLFI की खुली धमकी

