अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 19 दिन बाद भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही। दर्शकों का क्रेज अब भी बना हुआ है, जिसका असर सीधे कलेक्शन पर दिख रहा है।
19वें दिन की कमाई कितनी रही
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने मंगलवार यानी 19वें दिन 10.34 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे एक दिन पहले सोमवार को फिल्म ने 16.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
वीकेंड पर जमकर बरसे नोट
वीकेंड के दौरान ‘धुरंधर’ ने जबरदस्त कारोबार किया। शनिवार को फिल्म ने 34.25 करोड़ रुपये और रविवार को 38.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यही वजह है कि फिल्म तेजी से बड़े आंकड़ों की ओर बढ़ रही है।
भारत में अब तक का कुल कलेक्शन
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ अब तक कुल 582.59 करोड़ रुपये कमा चुकी है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए जल्द ही 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना तय माना जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म वीकेंड ही नहीं, बल्कि वीकडेज में भी अच्छी कमाई कर रही है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने तोड़े रिकॉर्ड
‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 901 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इस मामले में फिल्म ने कांतारा चैप्टर 1 और छावा को पीछे छोड़ दिया है। कांतारा चैप्टर 1 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 900 करोड़ रुपये रहा था, जबकि छावा ने 797.34 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
स्टारकास्ट ने जीता दर्शकों का दिल
फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आ रहे हैं। उनके साथ राकेश बेदी, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और डेनिश पंडोर जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
सीक्वल का भी हुआ एलान
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स ने इसके सीक्वल का भी एलान कर दिया है। ‘धुरंधर 2’ अगले साल 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इसे भी पढ़ें : 31 दिसंबर से पहले नहीं सुधारा ITR तो बढ़ेगा टैक्स बोझ, जानिए वजह

