अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma (Aftab Alam) : कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के ढोड़ाकोला पंचायत स्थित बिरहोर टोला में रविवार को ठिठुरती ठंड के बीच गरीब और जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। थानेदार अभिमन्यु कुमार ने अपने सैकड़ों जवानों के साथ मिलकर शॉल और स्वेटर बांटे। ठंडी हवाओं में कांप रहे बच्चे और महिलाएं शॉल और स्वेटर पाकर राहत महसूस कर रहे थे।
मुस्कान में छुपी खुशियां
शॉल और स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने थानेदार अभिमन्यु कुमार का धन्यवाद किया और उनकी भलाई की दुआएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस का यह कदम सिर्फ सुरक्षा देने तक सीमित नहीं, बल्कि उनके जीवन में गर्मजोशी और सहारा लेकर आया।

पुलिस और जनता का विश्वास
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने इस मौके पर कहा, “यह दिखाता है कि पुलिस केवल अपराधियों पर कार्रवाई नहीं करती, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग की मदद भी करती है। ऐसे कार्य जनता का पुलिस पर भरोसा और बढ़ाते हैं।” थानेदार अभिमन्यु कुमार ने कहा कि ऐसे प्रयास पुलिस और आम जनता के बीच संबंधों को मधुर बनाते हैं और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौजूद थे, जो इस मानवीय पहल का हिस्सा बनकर खुद भी भावुक हो उठे।
इसे भी पढ़ें : गढ़वा जेल में न्याय और स्वास्थ्य की किरण, बंदियों के चेहरे पर मुस्कान



