अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के खलारी में दिन के करीब साढ़े नौ बजे जब एक जवान लड़की अपने घर से बाहर निकली, तभी केडीएच ग्राउंड के पास एक लड़के ने उसे रोक लिया। बात क्या हुई, यह कोई नहीं जान पाया। लेकिन अचानक चली गोली ने सब कुछ खत्म कर दिया। लड़के ने लड़की को सीने में गोली मार दी। सीने में गोली लगते ही लड़की जमीन पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोग दौड़े, किसी ने कपड़े फाड़कर खून रोकने की कोशिश की, किसी ने गाड़ी रोकी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, फिर रांची रेफर किया गया। वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
पीछे छूट गया सवालों से भरा सच
गोली चलाने के बाद लड़का मौके से भागा नहीं। वह सीधे अपने घर गया। वहां उसने मोबाइल कैमरा ऑन किया और करीब दस मिनट तक बोला। वीडियो में उसका दर्द था, गुस्सा था, टूटन थी। उसने कहा कि जिस लड़की से वह छह साल से प्यार करता था। वह उसकी माशूका थी, वही उसे छोड़ रही थी। उसकी शादी कहीं और तय हो चुकी थी। यह बात वह स्वीकार नहीं कर पाया। वीडियो खत्म हुआ और कुछ ही देर बाद घर के भीतर एक और गोली चली। इस बार निशाना वह खुद था। कुछ ही पलों में एक लड़के की सांसें थम गईं।
छह साल का रिश्ता, एक पल में खत्म
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे। छह साल से उनका रिश्ता चल रहा था। दोनों के परिवारों को भी इसकी भनक थी। लेकिन वक्त बदला, हालात बदले और युवती की शादी किसी और से तय हो गई। शायद यहीं से युवक अंदर ही अंदर टूटने लगा था। 35 साल का यह युवक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का मूल निवासी था। रोजी-रोटी के लिए परिवार के साथ खलारी आया था। उसका भाई और युवती के पिता दोनों सीसीएल में काम करते हैं। एक ही कॉलोनी, एक जैसा जीवन और फिर यह दर्दनाक वारदात।
दो परिवारों पर टूटा कहर
एक घर में मातम है क्योंकि बेटा हमेशा के लिए चला गया। दूसरे घर में दुआएं चल लही है, क्योंकि बेटी अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रही है। मोहल्ले के लोग खामोश हैं। हर कोई यही कह रहा है कि काश किसी ने समय रहते दोनों को समझा लिया होता।
कहां से आई पिस्टल
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की हालत गंभीर है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई।
इसे भी पढ़ें : 15 साल पुराने रिश्ते का खू’नी अंत, बाप की माशूका को दी दर्दनाक मौ’त



