अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची से सटे तमाड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक बेवा महिला प्रमिला देवी की हत्या उसके प्रेमी के बेटे और ड्राइवर ने मिलकर कर दी। बाद में हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। इनके पास से वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार जब्त की गयी है। इस बात का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है।
रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि मृतका प्रमिला देवी की विवाहित बेटी करीना देवी ने बीते 25 अगस्त को तमाड़ थाना में अपनी मां के गायब होने का आवेदन दिया था।आवेदन में उसने बताया था कि उसके पिता का 15 साल पहले देहांत हो चुका है। करीब 40 साल की उसकी बेवा मां बीते 24 अगस्त को नशीम कुरैशी के घर से जाने के वास्ते निकली थी। इसके बाद से उसका कुछ अता-पता नहीं है। मोबाइल भी बंद आ रहा है। करीना देवी ने यह भी बताया कि गुजरे 15 साल से उसकी बेवा मां का प्रेम प्रसंग नशीम कुरैशी के साथ चल रहा है। उन दोनों से एक बहन और तीन भाई हैं। प्रमिला अक्सर नशीम से मिलने उसके घर जाया करती थी। नसीम कुरैशी का घर रांची के लोअरबाजार थाना क्षेत्र के इद्रिस कॉलोनी में है। DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने टेक्निकल सेल की मदद ली और नशीम कुरैशी के बेटे दानिश कुरैशी एवं ड्राइवर मो. साउद काजी को बुंडू एदलहातु से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दानिश ने खुलासा किया कि उसके पिता और प्रमिला देवी के संबंध को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे। इसी वजह से पिता नशीम कुरैशी, मां सायरा खातून और खुद दानिश ने हत्या की साजिश रची। प्लानिंग की गयी कि नशीम कुरैशी और उशकी पत्नी सायरा खातून हज यात्रा पर चले जाएंगे, तभी प्रमिला देवी को रास्ते से हटा दिया जाए।
दानिश ने कबूल किया कि 24 अगस्त को प्रमिला देवी पैसे मांगने घर आई थी। इसके बाद वह और चालक साउद उन्हें गाड़ी में बैठाकर टाटीसिलवे की ओर ले गए। रास्ते में शराब पिलाई और फिर टीकर मोड़ के पास सुनसान जगह पर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को टाटा-रांची मुख्य पथ पर उलीडीह परासी चौक के पास फेंककर उस पर गाड़ी चढ़ा दिया ताकि यह सड़क हादसा लगे। दानिश कुरैशी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर अड़की थाना और लोअरबाजार थाना में पशु क्रूरता और प्रतिबंधित पशु तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। इन दोनों को दबोचने में तमाड़ थानेदार प्रवीण कुमार मोदी, एसआई शंभू पंडित और एएसआई अजय प्रताप की भूमिका सराहनीय रही।
15 साल पुराने रिश्ते का खूनी अंत, बाप की माशूका को दी दर्दनाक मौत… तमाड़ की महिला प्रमिला देवी हत्याकांड का खुलासा करते रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर pic.twitter.com/BuauGOiFNH
— News Samvad (@newssamvaad) August 28, 2025
इसे भी पढ़ें : कमल भूषण ह’त्याकांड के सरकारी गवाह ने जेल में शुरू किया भूख हड़ताल… जानें क्यों



