अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Darbhanga : दरभंगा जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा के दौरान SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी का सख्त रुख देखने को मिला। समीक्षा बैठक में कई थानों के कामकाज पर उन्होंने गंभीर नाराजगी जताई और साफ कहा कि पुलिसिंग में किसी तरह की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान अलग-अलग थानों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। इस दौरान कई मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एसएसपी ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
15 थानेदारों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक
समीक्षा में पाया गया कि साल 2025 के मामलों में समर्पित आरोप पत्रों की कोर्ट रिसीविंग की संख्या काफी कम है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने 15 थानेदारों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का निर्देश दिया। जिन थानों के प्रभारी पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें लहेरियासराय, नगर, विश्वविद्यालय, सदर, सोनकी, बहादुरपुर, पतोर, विशनपुर, मोरो, केवटी, सिंहवाड़ा, बहेड़ा, बहेड़ी, बिरौल और घनश्यामपुर थाना शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि मामलों के अनुसंधान और आरोप पत्र से जुड़ी प्रक्रिया में किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी थानों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
लंबित मामलों की भरमार पर SSP नाराज
बैठक के दौरान एक और गंभीर बात सामने आई। कई थानों में लंबित मामलों की संख्या, निष्पादित मामलों की तुलना में तीन गुना से भी ज्यादा पाई गई। इस पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित थानाध्यक्षों को तुरंत अपनी कार्यशैली में सुधार लाने को कहा। इस मामले में बहेड़ा, बहेड़ी, लहेरियासराय, सदर, विश्वविद्यालय, बहादुरपुर, केवटी, बिरौल, कमतौल, सिमरी, हायाघाट, घनश्यामपुर, मब्बी और विशनपुर थाना के थानाध्यक्षों को सख्त चेतावनी जारी की गई है।
शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश
समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे शराब विरोधी अभियान की भी विस्तार से चर्चा हुई। एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया कि शराब तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाया जाए ताकि तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बैठक के अंत में स्पष्ट संदेश दिया कि लंबित मामलों के निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और अपराध नियंत्रण के मामलों में बेहतर प्रदर्शन करना सभी थानों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कमजोर प्रदर्शन, लापरवाही या कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी थानेदारों को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इससे साफ है कि जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने के मूड में है।
इसे भी पढ़ें : सीतामढ़ी-भागलपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश, 15 जून से मानसून…

