अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और वही तय करती है कि सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के लिए धरातल पर काम किया है, यही वजह है कि जनता उन्हें बार-बार सेवा का मौका दे रही है। यह बातें सीएम सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के दौरान कही। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सीएम ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी के बीते 25 वर्षों के सामाजिक और राजनीतिक कार्यों तथा देश में हुए विकास पर आधारित एक संगीतमय नाटक का मंचन भी किया गया।
लोकतंत्र में जनता तय करती है कुर्सी, काम का ही मिलता है फल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में राजतंत्र जैसी कोई बात नहीं होती। यहां जनता ही असली मालिक है और जनता का फैसला ही अंतिम होता है। जो सरकार या नेता जनता के बीच रहकर काम करेगा, जीत उसी की होगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते ढाई दशक में देश के भीतर एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है। सीएम ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर जो काम किए हैं, उन्हें हर गांव और हर घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में पूरी तरह से सुशासन की सरकार चल रही है। आम लोगों को त्वरित न्याय मिले, इसके लिए प्रशासन मुस्तैद रहता है। राज्य में कहीं भी कोई घटना होती है, तो पुलिस और प्रशासन 24 घंटे के अंदर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करता है।

गरीबों के लिए पक्के मकान, मुफ्त राशन और इलाज की गारंटी
सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा देते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश भर में करीब 5 करोड़ परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उज्ज्वला योजना के जरिए हर गरीब परिवार की रसोई तक धुआंमुक्त गैस कनेक्शन पहुंचाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण हुआ और आयुष्मान कार्ड के जरिए जरूरतमंदों को 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिली। बिहार का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि राज्य में करीब 10 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। सड़कों के जाल पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि एक दौर था जब बिहार में केवल 8 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, लेकिन आज यह नेटवर्क बढ़कर 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है। राज्य में एक्सप्रेस-वे और कई बड़े पुल-सड़क प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम जारी है, जिससे सफर बेहद आसान हो गया है।

बाढ़ का निकालेंगे पक्का समाधान, शिक्षा और खेती को मिल रही नई ताकत
राज्य में नदियों के बढ़ते जलस्तर पर सीएम ने कहा कि इस साल सोन, गंडक और गंगा नदियों में पानी का स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर रहा। बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने दिन-रात काम किया। प्रभावित इलाकों में वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सूखा राशन और जरूरी सामान गिराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार अब बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकालने जा रही है। इसकी शुरुआत कोसी नदी को नियंत्रित करने से होगी और इसके बाद गंगा, गंडक तथा सोन नदियों के बहाव को नियंत्रित करने का काम किया जाएगा।

खेती और सिंचाई के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि राज्य में अब तक करीब 44 लाख हेक्टेयर भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा चुका है। किसानों को सस्ती और निर्बाध बिजली देने के लिए सभी कृषि फीडरों का सोलराइजेशन किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों को गिनाते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित किए गए हैं और लगभग 3.5 लाख बच्चों को रात में ऑनलाइन शिक्षकों से पढ़ने की सुविधा दी गई है। वहीं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 15 जुलाई को एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज खोले गए, जिनमें 2,500 असिस्टेंट प्रोफेसरों की बहाली प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पटना की मेयर सीता साहू, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति सचिव प्रणव कुमार, पटना डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट पहुंचे जेपी गंगा पथ, बोले- 48 घंटे भारी, एयरफोर्स भी रहेगी तैयार



