अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : मोतिहारी के हरसिद्धि इलाके में पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े नेटवर्क को तोड़ा है। पुलिस ने मानिकपुर चौक पर घेराबंदी करके एक कार से 19 लाख 98 हजार 500 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। ये सभी नोट 500-500 रुपये के हैं। मौके से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला एक तस्कर पकड़ा गया है, जबकि उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने बाद में एक अन्य ठिकाने पर रेड डालकर 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
नाकेबंदी देखकर भागे तीन साथी, बैग के साथ एक धराया
हरसिद्धि डायल 112 को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की दो गाड़ियां, फॉर्च्यूनर और नेक्सॉन, मोतिहारी से अरेराज की तरफ जा रही हैं। इनमें सवार लोग नकली नोटों के धंधे से जुड़े हैं। सूचना मिलते ही अरेराज के डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा की अगुवाई में एक टीम बनाई गई और मानिकपुर चौक पर गाड़ियों की चेकिंग शुरू हुई। इसी दौरान यूपी नंबर की फॉर्च्यूनर तेजी से बैरिकेडिंग पार कर निकल गई। उसके ठीक पीछे आ रही नेक्सॉन कार को पुलिस ने रुकवा लिया। गाड़ी रुकते ही उसमें बैठे तीन लोग कूदकर भाग निकले। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हाथ में बैग लिए एक शख्स को वहीं दबोच लिया।
बैग खोला तो निकले 500 के 40 बंडल, नहीं मिला कोई दस्तावेज
पकड़े गए शख्स के बैग की तलाशी ली गई तो पुलिस वाले भी हैरान रह गए। बैग के भीतर 500 रुपये के नोटों के 40 बंडल रखे हुए थे, जिनमें कुल 3,997 नोट थे। गिनती करने पर यह रकम 19 लाख 98 हजार 500 रुपये निकली। जब पुलिस ने रुपयों के बारे में पूछताछ की तो वह कोई सही जवाब नहीं दे पाया और न ही पैसों का कोई पक्का सबूत या दस्तावेज दिखा सका। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कुमार शाही बताया। वह यूपी के गोरखपुर जिले के बरहलगंज का रहने वाला है। उसने बताया कि भागने वाले साथी भी गोरखपुर के ही हैं और वे सब बेतिया से यह धंधा चला रहे थे।
मोबाइल में मिली गड्डियों की तस्वीरें, बेतिया में मिली 10 गोलियां
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी का मोबाइल चेक किया तो सारा सच सामने आ गया। फॉर्च्यूनर में सवार सोनू सिंह नाम के युवक ने उसके फोन पर नकली नोटों की कई तस्वीरें भेजी हुई थी, जो देखने में बिल्कुल असली लग रही थीं। मोबाइल के डिलीट फोल्डर से एक ही नंबर के पांच अलग-अलग नोटों की तस्वीरें और वीडियो भी मिले। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने मोतिहारी और बेतिया में कई जगह दबिश दी। बेतिया के बानुछापर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में आरोपी अशोक मिश्रा के घर से 350 बोर की 10 जिंदा गोलियां मिली। पुलिस अब पूरे गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : समस्तीपुर में एनकाउंटर, 24 कांडों के मोस्ट वांटेड कुख्यात को लगी गोली



