अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : रक्षाबंधन के मौके पर खादी मॉल, पटना में शनिवार को एक खास सांस्कृतिक कार्यक्रम “राखी पर लाइव मधुबनी पेंटिंग” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बिहार की विश्वविख्यात मधुबनी पेंटिंग को मंच देना, कलाकारों को सीधे प्रोत्साहन देना और आम लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध मधुबनी कलाकार और राज्य पुरस्कार विजेता राज कुमार लाल ने किया। इस अवसर पर पटना नगर निगम एवं नमामि गंगे की ब्रांड एम्बेसडर नीतू कुमारी ‘नवगीत’ भी मौजूद रहीं। खादी बोर्ड के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण
- कलाकार सुप्रिया सिन्हा और सीमा द्वारा राखियों पर लाइव मधुबनी पेंटिंग,
- निशा पारसरमका द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियाँ,
- और “थे होप” संस्था के ऑटिस्टिक बच्चों द्वारा बनाई गई विशेष राखियाँ, जो सुंदरता के साथ-साथ सामाजिक समावेश का संदेश भी देती हैं।
इस आयोजन ने न केवल लोककला को जीवंत रूप में पेश किया, बल्कि यह भी साबित किया कि बिहार की पारंपरिक कलाएं आज भी नवाचार और सामाजिक प्रेरणा का स्रोत हैं। खादी मॉल का यह प्रयास रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक पर्व को सांस्कृतिक और कलात्मक उत्सव में बदलने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : बिहार में चलेगा विशेष राजस्व महाअभियान, घर-घर जाकर टीम करेगी यह काम



