अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : जमीन से जुड़े मामलों के निष्पादन और जनता को पारदर्शी व सुलभ सेवाएं देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग बिहार में 16 अगस्त से 20 सितंबर तक विशेष राजस्व महाअभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान विभाग की टीम घर-घर जाकर जमाबंदी की प्रति और आवेदन प्रपत्रों का वितरण करेगी। अभियान का मकसद जमीन संबंधी मामलों जैसे जमाबंदी में त्रुटियों का सुधार, छूटी जमाबंदियों को ऑनलाइन करना, उत्तराधिकार नामांतरण और संपत्ति के बंटवारे से जुड़े मामलों का निपटारा तेज़ी से और पारदर्शिता के साथ करना है। इसके तहत हल्का स्तर पर शिविरों का आयोजन कर आवेदन और दस्तावेजों को इकट्ठा किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न कर्मचारी संघों की मदद ली जाएगी।
इस अभियान को मजबूत और समन्वित रूप देने के लिए 10 अगस्त (रविवार) को पटना के राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह करेंगे। बैठक में बिहार प्रशासनिक सेवा संघ, राजस्व सेवा संघ, पंचायत सचिव संघ, मुखिया संघ, अमीन संघ, ग्राम कचहरी न्यायमित्र संघ समेत अन्य कई संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान उनके सुझाव लिए जाएंगे, ताकि अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह महाअभियान भूमि सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम होगा, जिससे लोगों को सीधे उनके दरवाजे पर राजस्व सेवाएं मिलेंगी और पुराने लंबित मामलों का त्वरित समाधान हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें : PM ने जारी की किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त, 20500 करोड़ फंड ट्रांसफर



