अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली हुई है। पटना सिविल कोर्ट में शनिवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान कदमकुआं थाना पुलिस ने मामले से जुड़ी अपडेटेड केस डायरी अदालत में पेश की। कोर्ट ने केस डायरी का अध्ययन करने के लिए तीन दिन का समय लिया है। अब मामले की अगली सुनवाई 30 जून को होगी। तब तक खान सर की गिरफ्तारी पर लगी रोक जारी रहेगी।
दो निजी गार्ड अभी भी जेल में, 30 जून को होगी जमानत पर सुनवाई
इस मामले में खान सर के दो निजी सुरक्षाकर्मी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर भी 30 जून को ही सुनवाई तय की है। ऐसे में अब सभी की नजरें उसी तारीख पर टिकी हैं, जब दोनों पक्षों की दलीलों के साथ अदालत अहम फैसला ले सकती है।
बचाव पक्ष ने कहा, अब और समय की जरूरत नहीं
सुनवाई के दौरान खान सर की ओर से अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने सरकारी पक्ष की ओर से बार-बार समय मांगे जाने का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि अपडेटेड केस डायरी पहले ही लोक अभियोजक को उपलब्ध करा दी गई है। इसलिए अब मंगलवार को अंतिम बहस पूरी कर मामले का निपटारा किया जा सकता है।
सरकारी वकील बोले, केस डायरी समझने के लिए चाहिए समय
दूसरी ओर लोक अभियोजक और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की ओर से पेश वकील ने कहा कि केस डायरी में कई कानूनी बिंदु हैं, जिनका विस्तार से अध्ययन करना जरूरी है। अदालत ने इस दलील को स्वीकार करते हुए तीन दिन का समय दे दिया।
पुलिस की केस डायरी में क्या सामने आया
पुलिस की ओर से अदालत में सौंपी गई केस डायरी में दावा किया गया है कि 2 जून की रात हुई फायरिंग आत्मरक्षा के लिए नहीं, बल्कि दहशत फैलाने के इरादे से की गई थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस मामले की एफआईआर में बाद में फैजल खान का नाम जोड़ा गया था।
2 जून को कोचिंग सेंटर के बाहर हुआ था बवाल
2 जून की शाम खान सर की कोचिंग के बाहर हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट भी की गई। खान सर ने आरोप लगाया था कि ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने अपने लोगों के जरिए हमला करवाया और फायरिंग भी कराई।
सीसीटीवी फुटेज ने बदल दी जांच की दिशा
जांच के दौरान पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शुरुआती जांच में हमलावरों की ओर से गोली चलाने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि अगले दिन सामने आए एक दूसरे फुटेज में खान सर के दोनों निजी बॉडीगार्ड हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। पुलिस ने इसे अहम सबूत मानते हुए दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों जेल में बंद हैं।
दोनों पक्षों पर दर्ज हैं मामले
इस पूरे विवाद में खान सर ने रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस यादव समेत कई लोगों को नामजद किया था। वहीं पुलिस ने फायरिंग के मामले में खान सर के खिलाफ भी केस दर्ज किया। खान सर को 9 जून को अग्रिम जमानत मिली थी, जबकि 15 जून को रौशन आनंद को नियमित जमानत मिल गई। इसी बीच मामले से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई, जिसके बाद इस प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया।अब 30 जून की सुनवाई इस पूरे मामले के लिए काफी अहम मानी जा रही है। उसी दिन अदालत खान सर की अग्रिम जमानत, उनके दोनों गार्ड्स की जमानत और केस डायरी में सामने आए तथ्यों पर आगे की दिशा तय करेगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में आधी रात अचानक रुकी ट्रेन, पटरी पर दिखी ऐसी चीज कि थम गई यात्रियों की सांसें

