अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत निमसी टोला में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है। पीड़िता की पहचान निमसी टोला निवासी मिलू देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि मिलू देवी ने करीब 20 दिन पहले अपने 10वें बच्चे को जन्म दिया था। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे उसके पति राजेंद्र भुइयां ने उसे शौच के बहाने घर से बाहर चलने को कहा। इसी दौरान वह घर से टांगी लेकर निकला। कुछ दूर जाने के बाद राजेंद्र ने अचानक पत्नी पर हमला कर दिया। पहले गर्दन पर और फिर पीठ पर टांगी से चार बार वार किया। हमले के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा अखिलेश मौके पर पहुंचा। बेटे को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
परिजनों ने घायल महिला को चारपाई पर लेटाकर रामगढ़ थाना पहुंचाया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने तत्काल महिला के इलाज के लिए टेंपो की व्यवस्था करवाई और आर्थिक सहायता भी दी। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक राजेंद्र और मिलू के कुल 10 बच्चे हैं। इनमें सात बेटियां और तीन बेटे। दो बेटियां गांव से बाहर धन रोपाई के लिए गई हुई हैं, जबकि एक बेटा मजदूरी के लिए बाहर है। एक बेटे की शादी भी हो चुकी है। इस हमले की वजह अभी साफ नहीं है, और न ही किसी घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पूरा गांव इस घटना को लेकर स्तब्ध है।
इसे भी पढ़ें : पोल पर चढ़ काम कर रहे लाइनमैन की करंट से मौ’त, संघ ने की FIR की मांग

