अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान इन दिनों रंग-बिरंगी रोशनियों और तैयारियों से जगमगा रहा है। वजह है… शहर का सबसे बड़ा कंज्यूमर फेयर एक्सपो उत्सव, जो इस बार अपने 28वें संस्करण में 16 सितंबर से 22 सितंबर तक आयोजित होने जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाला यह उत्सव रांची की पहचान बन चुका है। हर साल की तरह इस बार भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 28 साल से लगातार आयोजित हो रहा यह मेला अब केवल खरीदारी का केंद्र नहीं, बल्कि परिवारों के लिए त्योहार जैसा माहौल बन चुका है। लोग यहां सामान लेने के साथ-साथ परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताने आते हैं।
तैयारियों में जुटी टीम, 90% स्टॉल बुक
JCI रांची द्वारा आयोजित इस मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य संचालक जेसी सिद्धार्थ जायसवाल बताते हैं कि संस्था के हर सदस्य ने दिन-रात मेहनत की है ताकि रांची की जनता को इस बार कुछ नया अनुभव मिल सके। इस बार देश-विदेश के करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें से 90% स्टॉल पहले ही बुक हो चुके हैं।
देश-विदेश का संगम एक छत के नीचे
संस्था के अध्यक्ष जेसी प्रतीक जैन कहते हैं, “इस बार एक्सपो बिल्कुल नए रूप में नजर आएगा।” यहां आने वाले आगंतुकों को अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स, कश्मीर का केसर, होम मेड चॉकलेट, और राजस्थानी मार्बल स्टेच्यू जैसे अनोखे उत्पाद देखने और खरीदने का मौका मिलेगा। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फर्नीचर, होम डेकोर और कॉस्मेटिक्स के सैकड़ों विकल्प भी मौजूद रहेंगे।
ऑटो, फूड और स्टार्टअप… सब कुछ नया
ऑटो जोन में इस बार हर बड़े ब्रांड के साथ-साथ ई-स्कूटी के नए मॉडल भी लोगों को आकर्षित करेंगे। सचिव जेसी सनी केडिया बताते हैं कि इस बार थोक विक्रेताओं और बड़ी कंपनियों के लिए अलग हैंगर बनाया गया है। फूड ज़ोन को भी नए अंदाज़ में पेश किया जा रहा है, जहां स्टॉल धारक ग्राहकों को 5% से लेकर 50% तक का डिस्काउंट देंगे।
बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क खास आकर्षण रहेगा, जबकि युवाओं और नए उद्यमियों के लिए स्टार्टअप बाजार प्रेरणा और अवसर दोनों प्रदान करेगा।
9 जोन में बंटा मोरहाबादी मैदान
इस बार पूरा मैदान 9 जोन में बांटा गया है… एग्जीबिटर हैंगर, कंज्यूमर हैंगर, पिंक हैंगर, अर्बन हैंगर, ऑटो जोन, स्टार्टअप बाजार, फूड कोर्ट, एम्यूजमेंट पार्क और मेन स्टेज हैंगर। खास बात यह है कि सभी हैंगर को इस बार जर्मन हैंगर का रूप दिया गया है, जिससे मेले की शोभा और बढ़ जाएगी।
इसे भी पढ़ें : शहर के माहौल को रंग, रोशनी और उमंग से भरेगा JCI… जानें कैसे

