अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई, जो इतनी तेजी से फैली कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह हादसा हिरियूर तालुक के गोरलट्टू गांव के पास NH-48 पर सुबह करीब 3 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लॉरी डिवाइडर पार करके बस से टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। लॉरी चालक की भी मौके पर मौत हो गई।
बस में करीब 30-32 यात्री सवार थे। हादसे में कम से कम 9 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हिरियूर और चित्रदुर्ग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीमों ने आग बुझाई और बचाव कार्य किया। चित्रदुर्ग के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी का कहना है कि लॉरी चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ लगता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “कर्नाटक के चित्रदुर्ग में हुए दुखद बस आग हादसे से गहरा दुख पहुंचा है, जिसमें कई लोगों की जान गई। शोक संतप्त परिवारों को मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।” हादसे की जांच जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : शीतलहर की चपेट में झारखंड, अगले दो रोज और सताएगी ठंड

