अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Samastipur : बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मोहीउद्दीननगर प्रखंड में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नाम से निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। इससे पहले “डॉग बाबू” के नाम से बना निवास प्रमाण पत्र भी सुर्खियों में आया था। अब इस नए मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, किसी व्यक्ति ने डोनाल्ड ट्रम्प के नाम से आरटीपीएस काउंटर पर निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवेदन को BRCCO/2025/17989735 नंबर के साथ 29 जुलाई 2025 को स्वीकृत किया गया और प्रक्रिया पूरी कर प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। मामले को लेकर प्रखंड कार्यालय के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि यह मामला पूरी तरह से लापरवाही और बिना जांच के प्रमाण पत्र जारी करने का उदाहरण है।

इस मुद्दे पर भाकपा माले के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जिस निवास प्रमाण पत्र को वैध दस्तावेज मानता है, वह अब मजाक का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की गड़बड़ियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। सुरेंद्र सिंह ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराने और इसमें शामिल अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक गलती नहीं, बल्कि प्रणालीगत खामी है, जिससे जनहित से जुड़े दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर असर पड़ रहा है। फिलहाल, यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से जवाब की उम्मीद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : महिला अपराध का चौंकाने वाला आंकड़ा : हर दिन 20 दु’ष्कर्म और 33 अपहरण… जानें कहां
इसे भी पढ़ें : डोनाल्ड ट्रम्प का दावा- भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए तैयार

