अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। इलाके के छड़वा डैम के पास घने जंगल में एक पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। सुबह जब स्थानीय ग्रामीण जंगल की ओर निकले, तब उनकी नजर फंदे से झूलते शव पर पड़ी। लाश मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की शिनाख्त धनंजय कुमार के रूप में हुई। उनके पिता का नाम राजकुमार महतो बताया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक धनंजय एक फौजी यानी सेना में जवान थे।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव को नीचे उतारा
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल की घेराबंदी की और ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस ने जंगल में आसपास के इलाके की गहनता से पड़ताल की, ताकि किसी भी तरह का सुराग हाथ लग सके।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही जवान की मौत की खबर उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि देश की सेवा करने वाले एक होनहार जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के 8 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम एक्टिव

