अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर में रविवार सुबह बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों के साथ लगभग 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार यह चोरी राजेंद्र झा के दामाद नितेश कुमार झा के घर में हुई। नितेश कुमार झा IRB के जवान हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया।
शादी में गया था परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर
परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हो गए। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर रखी अलमारी और लॉकर को भी तोड़ दिया। चोरों ने बड़ी सफाई से सोने-चांदी के महंगे गहनों के साथ करीब 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। जिस तरीके से अलमारी और लॉकर तोड़े गए, उससे साफ लग रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे।
घर लौटे परिजन तो उड़ गए होश
घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार के सदस्य शादी समारोह से वापस लौटे। घर पहुंचने पर दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी और लॉकर खाली मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना के बाद परिजनों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
पुलिस को स्थानीय व्यक्ति पर शक
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस चोरी में किसी परिचित या स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस का मानना है कि घर के खाली रहने की जानकारी पहले से चोरों तक पहुंचाई गई होगी।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
थानेदार निरंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी भी कर रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : ‘मौ’त की घाटी’ में हादसों पर लगेगा ब्रेक, SP ने स्पॉट विजिट कर तैयार किया रोडमैप



