अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनें लगाई जाएंगी। इससे आम जनता को महंगे इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और लोगों को अपने ही जिला मुख्यालय में उन्नत जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में यह ऐलान किया। इस अवसर पर उन्होंने 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
डॉ. अंसारी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में जो सुधार नहीं हो पाया, उसे अब तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2100 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल और छह नए मेडिकल कॉलेज भी जल्द ही बनाए जाएंगे। इससे गंभीर बीमारियों का इलाज झारखंड में ही संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शायरी सुनाकर विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मजबूत से मजबूत लोहा टूट जाता है, कई झूठे इकट्ठे हों तो सच्चा टूट जाता है।”

इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। शिशु मृत्यु दर, मातृत्व मृत्यु दर और संस्थागत प्रसव के मामले में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। कार्यक्रम में एनएचएम अभियान के निदेशक शशि प्रकाश झा, मेडिकल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अबु इमरान, प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : CCL को नुकसान पहुंचाने वाले सात अपराधी अब सलाखों के पीछे, SP क्या बोले… देखें

