अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद हटाए गए 65 लाख वोटरों की सूची सार्वजनिक कर दी है। यह सूची बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग का यह कदम विपक्षी दलों के उस आरोप के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने वोट चोरी का दावा किया था।
1 अगस्त को जारी विशेष गहन पुनरीक्षण के ड्राफ्ट में इन वोटरों के नाम शामिल नहीं थे, जिसके बाद विपक्षी नेता, विशेष रूप से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को लेकर रविवार से बिहार में यात्रा शुरू की थी। उसी दिन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक संवाददाता सम्मेलन में वोट चोरी के आरोपों को सिरे से खारिज किया था।
इसके अगले दिन यानी आज सुबह ही आयोग ने 65 लाख हटाए गए वोटरों की पूरी सूची जारी कर दी। यह सूची बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट https://ceoelection.bihar.gov.in/index.html पर देखी जा सकती है।
आयोग ने बताया कि हटाए गए वोटरों की सूची उसी तरह जारी की गई है, जैसे वोटर लिस्ट और अन्य जानकारी सार्वजनिक की जाती है। विपक्ष इस मुद्दे पर लंबे समय से हंगामा करता रहा था, लेकिन इस कदम से आयोग ने इन आरोपों को शांत करने की कोशिश की है।
अब देखना यह है कि इस सूची में शामिल 65 लाख लोगों में से कितने दावा-आपत्ति की प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं, क्योंकि यह प्रक्रिया सूची जारी होने से पहले ही शुरू हो चुकी थी। हटाए गए मतदाता अपने नाम की जांच के लिए उपरोक्त लिंक पर जा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर स्कूल के हॉस्टल में लगी भयंकर आ’ग, फिर…

