अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के फरसा गांव में बाढ़ के पानी में डूबी पांच साल की बच्ची शरमीन खातून का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। बच्ची गुरुवार से लापता थी। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के दौरान उसका शव पानी से मिला। शव मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शरमीन खातून गुरुवार को अपनी मां के साथ गांव के तालाब के पास गई थी। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण तालाब के आसपास बाढ़ का पानी जमा था। इसी दौरान बच्ची अचानक वहां से लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची नहीं मिली तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद ग्रामीणों को आशंका हुई कि बच्ची बाढ़ के पानी में डूब गई है। इसके बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कराई। इसके लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया। गुरुवार को काफी देर तक पानी में खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के बाद तलाश रोकनी पड़ी।
दूसरे दिन फिर शुरू हुई तलाश, दोपहर में मिला शव
शुक्रवार को पुलिस जवानों, गोताखोरों और ग्रामीणों ने एक बार फिर तालाब और आसपास जमा बाढ़ के पानी में बच्ची की तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे शरमीन का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव देखते ही परिजन बदहवास हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव बरामद करने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे फरसा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि गुरुवार से ही बच्ची की तलाश की जा रही थी और उन्हें उम्मीद थी कि वह मिल जाएगी, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया।
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ के इस घाटी में ट्रेलर-कंटेनर की टक्कर, स्टीयरिंग के बीच फंस गया ड्राइवर

