अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड कैडर में तैनात आईपीएस अधिकारियों की अचल संपत्ति को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य कैडर के कुल 125 आईपीएस अधिकारियों में से 117 अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा सौंप दिया है। इसमें जमीन, फ्लैट और आवासीय प्लॉट से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।
2025 में कितने अफसरों ने खरीदी नई संपत्ति
दाखिल रिटर्न के मुताबिक, साल 2025 में सिर्फ 10 आईपीएस अधिकारियों ने ही नई अचल संपत्ति खरीदी है। बाकी अधिकारियों की संपत्तियां पहले के वर्षों की हैं, जिनका विवरण भी रिटर्न में दिया गया है।
2025 में संपत्ति खरीदने वाले आईपीएस अधिकारी
इन 10 अधिकारियों में 1990 बैच से लेकर 2016 बैच तक के आईपीएस अफसर शामिल हैं। इनमें अनिल पाल्टा, आशीष बत्रा, अजय लिंडा, अश्विनी कुमार सिन्हा, शैलेंद्र वर्णवाल, आनंद प्रकाश, पूज्य प्रकाश, राजकुमार मेहता, सहदेव साव और सौरभ का नाम शामिल है।
किस अफसर ने कहां खरीदी जमीन या फ्लैट
1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल पाल्टा ने पश्चिम बंगाल के पूर्वा वर्द्धमान जिले के जमालपुर में 4.50 लाख रुपये में 198 डिसमिल जमीन खरीदी है।
एनआईए में आईजी पद पर तैनात 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी आशीष बत्रा ने पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 504 वर्गयार्ड का आवासीय प्लॉट लिया है, जिसकी कीमत 4.33 करोड़ रुपये बताई गई है।
आईपीएस अजय लिंडा ने रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के डोरियाटोली में 32.43 लाख रुपये की लागत से 14.1 डिसमिल जमीन खरीदी है।
वहीं, आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा ने रांची के सुगदा इलाके में सात लाख रुपये में जमीन ली है।
फ्लैट खरीदने वाले अफसर
बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा स्थित अशोक नगर बुद्ध विहार के तेजस्वी अपार्टमेंट में 55 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा है।
जमीन खरीद की अन्य जानकारी
सीआईडी के एसपी पूज्य प्रकाश ने पिठोरिया के सुतियांबे इलाके में 7.82 लाख रुपये में 34 डिसमिल जमीन खरीदी है। जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने सुगदा में 3.50 लाख रुपये की जमीन ली है। एसीबी के एसपी सहदेव साव ने गिरिडीह के खोरीमहुआ में 3.30 लाख रुपये में 40 डिसमिल जमीन खरीदी है। देवघर के एसपी सौरभ ने अपनी दादी के नाम पर वैशाली के मनीहारी में 15 लाख रुपये की जमीन खरीदी है।
पहले के वर्षों की संपत्तियां भी रिटर्न में शामिल
रिपोर्ट के अनुसार, कई आईपीएस अधिकारियों के पास पहले से अचल संपत्ति मौजूद है। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह ने साल 2024 में रांची के अशोक नगर में 2.25 करोड़ रुपये की लागत से 8400 वर्गफीट की आवासीय जमीन खरीदी थी।
इन अफसरों ने अब तक नहीं दिया ब्यौरा
अब तक आठ आईपीएस अधिकारियों ने अपनी अचल संपत्ति का विवरण जमा नहीं किया है। इनमें मनीलाल मंडल, प्रभात कुमार, सरोजनी लकड़ा, पितांबर सिंह खेरवार, राकेश रंजन, नाजिश उमर अंसारी, शुभम मीणा और विपिन दुबे शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : प्यार से भरोसा, भरोसे से क’त्ल : रांची ब्रूटल म’र्डर केस का दिल दहला देने वाला सच

