अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में देर रात डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपराधियों ने एक घर में घुसकर दंपत्ति और उनके बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में महिला का हाथ टूट गया है, जबकि पुरुष के सिर में कई गंभीर चोटें आई हैं। बच्चों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें एक बच्चे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों पर भी किया पथराव
परिवार की चीख-चित्कार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, तो अपराधियों ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने में जुट गए। डकैत घर से करीब छह लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने लोगों को डराने की भी कोशिश की।
पुलिस की छापेमारी शुरू
सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने रात की गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : NIA का बड़ा खुलासा : भारत में आतंक की जमीन तैयार करने में जुटा था झारखंड का फैजान



