अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur : विधायक प्रो. मरांडी ने कहा कि महेशपुर प्रखंड की विकास यात्रा अब नई ऊंचाइयों को छुएगी। विकास कार्यों की गंगा गांव-गांव और टोले-टोले तक पहुंचेगी। राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने में सुविधा मिलेगी और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। मौका था पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड में डाकबंगला परिसर में आयोजित एक भव्य शिलान्यास समारोह का। समारोह में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर रहे थे। मौके पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर कुल 17 विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। ये योजनाएं डीएमएफटी फंड से संचालित होंगी और इसमें पीसीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण सहित कई आधारभूत संरचनात्मक कार्य शामिल हैं।

समय पर काम पूरा करने का निर्देश
झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से महेशपुर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेम्ब्रम, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्दार्थ शंकर यादव, सीओ संजय कुमार सिन्हा, थानेदार रवि शर्मा, पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने विधायक और अन्य नेताओं का आभार जताया और आशा व्यक्त की कि इन योजनाओं से क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
इसे भी पढ़ें : ईंट भट्ठे के पास मिली लड़की की बॉडी, थैले में मिला स्कूल ड्रेस, कॉपी-कलम और नाश्ता

