अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका मर्डर केस में पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी अशोक साव को गिरफ्तार कर लिया है। अशोक साव पर गोपाल खेमका की हत्या की सुपारी देने का आरोप है। पुलिस ने अशोक साव को नालंदा से गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी शूटर विजय सहनी से पूछताछ के बाद हुई। विजय को पहले ही पटना सिटी से गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में अशोक साव का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।
व्यवसायिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अशोक साव बिल्डिंग और कंस्ट्रक्शन व्यवसाय में जुड़ा हुआ है। इसी कारोबार को लेकर उसका गोपाल खेमका से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद उसने खेमका की हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि अशोक साव ने खेमका की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस रकम से प्रोफेशनल शूटर हायर किए गए, जिन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस कर रही है पूछताछ
अशोक साव को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है। बता दें कि 4 जुलाई की रात गोपाल खेमका की पटना के रामगुलाम चौक स्थित उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक मुख्य शूटर विजय, दूसरा आरोपी विकास (जो मुठभेड़ में मारा गया), और अब साजिशकर्ता अशोक साव को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : पटना में एनका’उंटर, गोपाल खेमका के शूटर को हथियार देने वाला ढेर



