अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के छात्रों को लंबित छात्रवृत्ति दिलाने की मांग को लेकर JLKM यानी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हैशटैग ReleaseScholarship अभियान चलाया। इस डिजिटल अभियान को जबरदस्त समर्थन मिला और लगभग एक लाख 92 हजार ट्वीट और रिट्वीट के साथ यह मुद्दा पूरे देश में तीसरे स्थान पर ट्रेंड करता रहा।
केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर चला डिजिटल महाअभियान
JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि यह डिजिटल महाअभियान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के निर्देश पर चलाया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार छात्रों के अधिकारों की आवाज उठा रही है और यह अभियान उसी संघर्ष का हिस्सा है।
पहले भी सड़कों पर उतर चुकी है पार्टी
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि इससे पहले JLKM ने डुमरी से रांची तक छात्र अधिकार पदयात्रा निकाली थी। इसके अलावा शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया गया था। पार्टी हर मंच से छात्रवृत्ति भुगतान की मांग कर रही है।
विधानसभा में भी उठ चुका है मामला
जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने विधानसभा के भीतर भी छात्रवृत्ति भुगतान का मुद्दा मजबूती से उठाया था। उनका कहना है कि बार बार मांग के बावजूद अब तक हेमंत सरकार छात्रों को उनका अधिकार नहीं दिला पाई है।

सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
जयराम महतो ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव का खामियाजा झारखंड के छात्र भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वजह से छात्रों का भविष्य खतरे में डाला जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आकस्मिक निधि से भुगतान की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि झारखंड आकस्मिक निधि से तुरंत राशि निकालकर छात्रों की छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जेएलकेएम का आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत से मिले चर्चों के पुरोहित और यूथ लीडर्स, क्रिसमस की दी बधाई

