अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : स्वास्थ्य सुरक्षा और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले के सभी प्रखंडों में आज एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। ये शिविर रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल, पाकुड़ और सीएचसी हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर व पाकुड़िया में सफलतापूर्वक संचालित हुए।
डीसी ने किया शुभारंभ और बढ़ाया रक्तदाताओं का मनोबल
कार्यक्रम की शुरुआत डीसी मनीष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार ने रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल में दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने रक्तदाताओं से संवाद किया और उनके योगदान की सराहना की। डीसी ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और कॉफी मग देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवा है और यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का अवसर प्रदान करता है।

90 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
आज आयोजित शिविरों में कुल 90 रक्तदाताओं ने भाग लिया। इनमें जिला और प्रखंड के अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक शामिल थे।
नियमित रक्तदान शिविर हर माह 24 तारीख को
डीसी मनीष कुमार ने बताया कि प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में हर माह की 24 तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान कर इस जन-कल्याणकारी अभियान में सहभागी बनें।

इसे भी पढ़ें : कृषि में नई क्रांति : पाकुड़ किसान मेले में तकनीक और नवाचार का जोर

