अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहरी की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची की ओर से जारी विशेष बुलेटिन में राज्य में भारी ठंड और शीतलहरी की आशंका जताई गई है।
सभी स्कूलों में पढ़ाई पर अस्थायी रोक
इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार पाकुड़ जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से कक्षा 12वीं तक पठन-पाठन का कार्य 30 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेगा।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश
यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत लागू किया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
परीक्षा को लेकर विद्यालयों को छूट
हालांकि इस अवधि में यदि किसी विद्यालय में पहले से निर्धारित परीक्षा है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से परीक्षा आयोजित कर सकते हैं। इसके लिए यह शर्त रखी गई है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी आवश्यक सावधानियों का पालन किया जाए।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाएं। साथ ही प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
इसे भी पढ़ें : किताबों के बीच बनते सपने, पाकुड़ में पाठकों का सम्मान बना यादगार पल



