अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शनिवार को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के अलग-अलग वार्डों में सड़क, नाली, बोरिंग, बिजली और दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा हुई। बैठक में 19 वार्ड पार्षद मौजूद रहे, जबकि दो पार्षद स्वास्थ्य कारणों से शामिल नहीं हो सके। बैठक के दौरान पांच पार्षदों ने बहिष्कार कर सभागार से बाहर निकलकर अपनी नाराजगी जताई।
बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा और उनके क्रियान्वयन की स्थिति जानने से हुई। इसके बाद तय एजेंडों पर चर्चा शुरू की गई। इसी दौरान वार्ड पार्षद किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी और आलमगीर आलम बैठक से बाहर निकल गए। उनके बहिष्कार के बाद भी मौजूद पार्षदों के बीच विकास योजनाओं पर चर्चा जारी रही।
सड़क, नाली से लेकर बोरिंग और बिजली के काम को मिली मंजूरी
बैठक में कई वार्डों से जुड़ी योजनाओं को बहुमत से मंजूरी दी गई। वार्ड संख्या 8 में यूरिनल निर्माण की योजना को स्वीकृति मिली। वार्ड 20 और 21 में सड़क के साथ नाली निर्माण कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा वार्ड 7, 11, 20 और 21 में बोरिंग कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। वार्ड संख्या 11 में पथ निर्माण और नगर क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था करने का फैसला लिया गया।
वार्ड संख्या 19 के कालिकापुर में दुर्गा माता मंदिर के पास जर्जर नाली की स्थिति को देखते हुए उसके जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। नाली निर्माण के लिए जगह का सीमांकन कराने को लेकर अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर भी सहमति बनी। वहीं वार्ड संख्या 5 में छठ घाट और मुखाग्नि स्थल बनाने की योजना को मंजूरी दी गई। मार्केट कॉम्प्लेक्स सह विवाह भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने सहमति जताई।
वीर कुंवर सिंह भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने के प्रस्ताव को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। पार्षदों ने कहा कि नगर क्षेत्र में लोगों की जरूरत के हिसाब से बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए जरूरी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
16वें वित्त आयोग की राशि से भी होंगे विकास कार्य
बैठक में 16वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि से नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में जनकल्याण से जुड़े काम कराने पर भी सहमति बनी। हालांकि बैठक का बहिष्कार करने वाले पांच पार्षदों के वार्ड संख्या 3, 4, 12, 13 और 17 की योजनाओं पर चर्चा नहीं हो सकी। इन वार्डों से संबंधित कोई योजना बैठक में पारित नहीं की गई।
बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के सभी हिस्सों का विकास बोर्ड की प्राथमिकता है। सड़क, नाली, साफ-सफाई, बिजली और दूसरी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान जरूरत के हिसाब से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि हर वार्ड में लोगों की जरूरत के मुताबिक योजनाएं तैयार कर उन्हें जमीन पर उतारा जाए और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
बैठक में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, पूनम देवी, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत और गुड्डू कुमार भगत समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे। प्रधान सहायक देवाशीष देव बर्मन और नगर परिषद के कार्यालय कर्मियों ने भी बैठक में भाग लिया।
इसे भी पढ़ें : रांची के मशहूर डॉ जयंत घोष का बैंकॉक में बजा डंका, मरीजों के लिए बने नई उम्मीद



