अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : लड्डू बाबू आम बागान रविवार को पूरी तरह आरजेडी के रंग में रंगा नजर आया। मौका था राष्ट्रीय जनता दल के 30वें स्थापना दिवस का। मंच पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे तो सामने जिले के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कार्यकर्ता। किसी के हाथ में पार्टी का झंडा था तो कोई नारे लगाकर माहौल को उत्साह से भर रहा था। पूरे कार्यक्रम में एक बात बार-बार सुनाई दी कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और यही ताकत आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत बनाएगी। स्थापना दिवस के बहाने पार्टी नेताओं ने सिर्फ जश्न नहीं मनाया, बल्कि आरजेडी के तीन दशक के सफर, उसकी राजनीति और सामाजिक न्याय के एजेंडे को भी विस्तार से कार्यकर्ताओं के सामने रखा।
1997 से शुरू हुआ था सफर, आज 30 साल पूरे
राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना 5 जुलाई 1997 को हुई थी। इसी मौके पर आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने पार्टी के गठन से लेकर अब तक के सफर को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि आरजेडी हमेशा गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचित समाज की आवाज बनकर खड़ी रही है और आगे भी यही उसकी सबसे बड़ी पहचान रहेगी।
लालू यादव के संघर्षों का बार-बार हुआ जिक्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने उस दौर में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी, जब समाज का बड़ा वर्ग सम्मान और बराबरी के अधिकार के लिए संघर्ष कर रहा था। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने गरीब और पिछड़े समाज को सिर्फ राजनीतिक प्रतिनिधित्व ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ जीने का आत्मविश्वास भी दिया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब समाज के कमजोर तबके के लोगों को बराबरी से बैठने तक का अधिकार नहीं मिल पाता था। ऐसे समय में लालू यादव ने उनके सम्मान और अधिकार की लड़ाई को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया।
महंगाई के खिलाफ सड़क से सदन तक उठाई आवाज
महावीर मड़ैया ने कहा कि लालू प्रसाद यादव हमेशा आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर रहे। उन्होंने महंगाई के खिलाफ चलाए गए आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों के विरोध में लालू यादव प्याज की माला पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। उनका यह विरोध उस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। नेताओं ने कहा कि जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना ही आरजेडी की पहचान रही है।
कार्यकर्ताओं से कहा- गांव-गांव तक पहुंचाएं पार्टी की बात
कार्यक्रम में मौजूद जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह सहित अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। आने वाले समय में हर गांव और हर पंचायत में लोगों के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को पहुंचाना होगा। नेताओं ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब हर कार्यकर्ता खुद को पार्टी की जिम्मेदारी समझकर जनता के बीच सक्रिय रहेगा।
जिले भर से पहुंचे नेता और कार्यकर्ता
स्थापना दिवस समारोह में आरजेडी के जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया, जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह, जिला कमेटी के पदाधिकारी, सभी प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत स्तर के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ दिखाई दिया। कई नेताओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे।
Also Read : कानून की दुनिया में ‘बजट और बैलेंस शीट’ का पाठ पढ़ा गये जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद

