अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली इन दिनों अपने परिवार के साथ लंदन में वक्त बिता रहे हैं। बताया जा रहा है कि विराट का वहां पर भी एक घर है और अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद से ही वह पत्नी अनुष्का शर्मा और बच्चों के साथ ज्यादातर समय लंदन में ही गुजार रहे हैं। विराट ने हाल ही में टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब वह केवल वनडे प्रारूप में खेलते नजर आएंगे। अक्टूबर 2025 में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए विराट तैयारी कर रहे हैं और फुर्सत के पलों में परिवार संग लंदन की सड़कों पर घूमते भी दिखे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें विराट अनुष्का संग टहलते हुए, लोगों से बातें करते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में एक काला छाता और पानी की बोतल भी थी।
विराट का करियर रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 123 टेस्ट मैचों में 30 शतक और 31 अर्धशतक की मदद से 9230 रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में 40 जीत हासिल कर रिकॉर्ड भी बनाया। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 27,500 से अधिक रन दर्ज हैं। अब विराट पूरी तरह से वनडे पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनके पास इस प्रारूप में श्रीलंका के कुमार संगकारा (14,234 रन, 404 वनडे) से आगे निकलने का मौका है। फिलहाल विराट ने 302 वनडे में 14,181 रन बना लिए हैं। अब सबकी नजरें अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज पर टिकी हैं, जहां विराट से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : DGP अनुराग गुप्ता को बड़ी राहत, SC ने खारिज की बाबूलाल की याचिका



