अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के वितरण को लेकर 2 अगस्त 2025 को पटना के बापू सभागार, गांधी मैदान में “पी.एम. किसान उत्सव दिवस” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से इस किस्त का ऑनलाइन वितरण करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी तथा पथ निर्माण मंत्री नीतीन नवीन उपस्थित रहेंगे।
श्री सिन्हा ने बताया कि इस आयोजन में बिहार के सभी 38 जिलों से 5000 से अधिक किसान भाग लेंगे। इनके साथ कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारी और कृषक मित्र भी शामिल होंगे। इस मौके पर 74,000 किसानों के बैंक खातों में योजना की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब तक बिहार के 73.88 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल चुका है। इस योजना ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है और पारदर्शी प्रणाली के तहत धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जाती है।
इस आयोजन में मखाना बोर्ड की भी चर्चा होगी, जो मिथिलांचल क्षेत्र के किसानों के लिए विशेष लाभकारी साबित होगा। मखाना उत्पादन को वैश्विक पहचान देने के लिए केंद्र सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
श्री सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि रोड मैप, फसल विविधीकरण, जल-जीवन-हरियाली, कृषि यंत्रीकरण, कृषि फीडर और ग्रामीण सड़कों से जुड़े विकास कार्यों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे बिहार की कृषि को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी किसानों को दी जा सके।
इसे भी पढ़ें : इस दिन से आम लोगों के लिये खुल जायेगा पटना म्यूजियम, एंट्री फीस… जानें



