अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची एसीबी की टीम ने गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अमीन गणेश महतो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। ये इस साल 2026 में रांची एसीबी का पांचवां ट्रैप केस है। शिकायतकर्ता 65 वर्षीय बासुदेव महतो, जो लोवादाग गांव के रहने वाले हैं, ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी लोवादाग स्थित पुश्तैनी जमीन (खाता सं०-13, प्लॉट सं०-676) की लगभग 20 डिसमिल हिस्से की नापी के लिए उन्होंने 16 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन किया था।
अमीन ने रिश्वत मांगना शुरू किया
बासुदेव महतो के मुताबिक, अमीन गणेश महतो ने 10 फरवरी को जमीन की नापी तो कर दी, लेकिन नापी रिपोर्ट और नक्शा देने के एवज में उन्होंने रिश्वत मांगना शुरू कर दिया। बासुदेव महतो ने रिश्वत देने से इनकार किया और मामले को एसीबी के पास ले गए।
एसीबी ने किया सत्यापन
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का विधिवत सत्यापन कराया। जांच में पुष्टि हुई कि अमीन गणेश महतो ने रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद 18 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम-2018 की धारा 7(a) के तहत कांड संख्या-08/26 दर्ज की गई।
रंगे हाथ पकड़ा गया
योजना के तहत, गुरुवार को बासुदेव महतो ने अंचल कार्यालय में अमीन को 8 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर दिए। इस दौरान पहले से घात लगाए एसीबी के टीम ने उन्हें पकड़ लिया। अब अमीन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ रही है और एसीबी ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश भेजा है।
इसे भी पढ़ें : अलमीरा खुली, यादें बिखरीं : शादी से लौटे परिवार को लगा बड़ा सदमा



