अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/West Bengal : झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर चार दशकों तक दहशत का पर्याय रहे प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने धर दबोचा है। सुरक्षा एजेंसियों ने उस पर कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, जिसमें झारखंड सरकार की ओर से एक करोड़ और ओडिशा सरकार की ओर से एक करोड़ बीस लाख रुपये का इनाम शामिल था। मीडिया में पहले उसके सरेंडर करने की खबरें तैर रही थीं, लेकिन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर साफ कर दिया कि यह आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि एसटीएफ का एक सफल और सटीक ऑपरेशन था।
पोटाशपुर से पकड़ा गया खूंखार नक्सली
एसटीएफ को पुख्ता तकनीकी जानकारी मिली थी कि असीम मंडल पूर्व मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर थाना क्षेत्र स्थित ललाट इलाके में छिपा हुआ है। इसी इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जंगलों में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और गिरते स्वास्थ्य के कारण वह कुछ समय पहले सारंडा के जंगलों से बाहर निकला था और रिश्तेदारों व परिचितों के ठिकानों पर छिपकर भागने की फिराक में था। असीम मंडल करीब 15 साल से अधिक समय से अंतरराज्यीय जंगली इलाकों में घूमकर कानून को चकमा दे रहा था और उस पर 55 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

I commend the Officers and Personnel of the @KolkataPolice STF in successfully tracking and apprehending Asim Mandal @ Akash, Central Committee Member and Secretary of the West Bengal State Committee-I, CPI (Maoist), from Lalat; Patashpur, Purba Medinipur.
Evading law… pic.twitter.com/Z5hHDNgssA
— Suvendu Adhikari (@SuvenduWB) September 17, 2026
लाल आतंक पर सरकार का सख्त संदेश
इस बड़ी कामयाबी पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस एसटीएफ के अफसरों और जवानों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पंद्रह साल से चकमा दे रहे इतने बड़े नक्सली को सटीक तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ना पुलिस बल की बेहतरीन कार्यशैली को दर्शाता है। सीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बंगाल की धरती पर लाल आतंक के नेटवर्क को फिर से खड़ा करने या फैलाने की किसी भी कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की सुरक्षा और विकास से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी भी चरमपंथी विचारधारा को नहीं दी जाएगी और ऐसी किसी भी हिमाकत को कानून के जरिए सख्ती से कुचल दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : पुलिस के सामने नतमस्तक हुआ लाल गलियारे के आतंक का ‘आकाश’, 2.20 करोड़ का था इनामी

