अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रत्येक पदाधिकारी को कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में काम करना होगा। रविवार को भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्यालय में नव-नियुक्त प्रदेश महामंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई अहम बातें कहीं। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया सहित सभी नव-नियुक्त प्रदेश महामंत्री मौजूद रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाला संगठन है। पार्टी का प्रयास समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं और जरूरतों को समझना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है।
संगठन की मजबूती पर विशेष जोर
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जिसकी पहचान उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान संगठन को नई मजबूती देंगे।
सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
बैठक के दौरान सदस्यता विस्तार अभियान, प्रशिक्षण गतिविधियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के साथ बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से भाजपा बिहार में और अधिक मजबूत होगी।
महामंत्रियों को संभागों की जिम्मेदारी
बैठक में संगठनात्मक कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश महामंत्रियों को अलग-अलग संभागों का प्रभारी नियुक्त किया गया। धनराज शर्मा को मिथिला एवं तिरहुत संभाग, नितिन अभिषेक को मगध एवं शाहाबाद संभाग, सरोज रंजन पटेल को चंपारण एवं सारण संभाग की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा राजेश झा को भागलपुर, कोशी एवं सीमांचल संभागों का दायित्व सौंपा गया, जबकि डॉ. प्रीति शेखर को पटना, मुंगेर, बेगूसराय एवं नालंदा संभाग की जिम्मेदारी दी गई।
बूथ स्तर तक गतिविधियां तेज करने का निर्णय
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटेंगे। भाजपा नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से पार्टी बिहार में अपनी संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करेगी।
इसे भी पढ़ें : सड़क-पुल निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, होगा सुरक्षा ऑडिट : सीएम सम्राट

