अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की लगभग 140 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है। विश्वविद्यालय 10 नवंबर को लालकिला क्षेत्र में हुए धमाके के बाद से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था।
54 एकड़ में फैला पूरा परिसर कुर्क
ED के अनुसार फरीदाबाद के धौज इलाके में स्थित 54 एकड़ भूमि पर फैला विश्वविद्यालय परिसर, शैक्षणिक भवन, अलग अलग स्कूल और विभागों की इमारतें तथा छात्रावास इस कुर्की में शामिल हैं। एजेंसी ने अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर इन संपत्तियों को अपने नियंत्रण में लिया है।
ट्रस्ट की संपत्तियों को बताया अपराध से अर्जित आय
इन सभी संपत्तियों का स्वामित्व अल फलाह ट्रस्ट के पास है। ED ने इन्हें अपराध से अर्जित आय की श्रेणी में रखा है। एजेंसी का कहना है कि इन संपत्तियों को बेचने या किसी और को हस्तांतरित करने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
चेयरमैन जवाद सिद्दीकी पहले ही गिरफ्तार
अल फलाह ग्रुप के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को ईडी ने नवंबर में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के पास जरूरी और वैध मान्यता नहीं थी, फिर भी छात्रों और अभिभावकों से फीस वसूली गई।
पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल
ED ने जवाद सिद्दीकी और अल फलाह ट्रस्ट के खिलाफ विशेष पीएमएलए अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। दोनों को आरोपी बनाते हुए एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत उनके खिलाफ अभियोजन की मांग की है।
415 करोड़ से ज्यादा की अवैध कमाई का दावा
ED का दावा है कि सिद्दीकी के निर्देश पर विश्वविद्यालय और उससे जुड़े ट्रस्ट ने फर्जी मान्यता और झूठे दावों के आधार पर छात्रों को गुमराह किया। इस तरीके से करीब 415.10 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय हासिल की गई।
छात्रों की पढ़ाई पर असर न पड़े, यह दावा
अधिकारियों का कहना है कि कुर्की के अंतिम रूप लेने के बाद सरकार द्वारा नियुक्त रिसीवर को विश्वविद्यालय के प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसका उद्देश्य यह है कि छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
लालकिला धमाके से जुड़ा नाम
इस मामले में यूनिवर्सिटी से जुड़े एक डॉक्टर डॉ. उमर पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वह 10 नवंबर को विस्फोटकों से भरी कार चलाते हुए आत्मघाती हमलावर बना था। लालकिला के बाहर हुए धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी।
इसे भी पढ़ें : NIA ने कुख्यात माओवादी को दबोचा, जेलों से नक्सली नेटवर्क जोड़ने की प्लानिंग बेनकाब

