अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू के सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना हुई। रिटायर्ड दारोगा के 30 साल के बेटे सुशांत पासवान ने खुद की जीवनलीला समाप्त कर ली। उसकी बॉडी घर में ही फंदे पर लटकी हालत में मिली। वहीं, कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी जया देवी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाया और लिखा कि उसकी मौत के बाद जमीन-जायदाद में हिस्सा पत्नी को नहीं, बल्कि बच्चों को दिया जाए।
कैसे हुई घटना
घटना के समय सुशांत अपने बेटे के साथ घर पर था। मां कुछ देर के लिए बाहर गई थीं और पिता दरवाजे पर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान सुशांत अपने कमरे में गया और फांसी लगा ली। करीब 15 मिनट बाद मां लौटीं तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। तुरंत उतारकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिछले दिनों से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, 7 जुलाई को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इस बात का जिक्र सुशांत ने अपनी डायरी में किया था। पत्नी ने तब आगे गलती न करने का लिखित वादा भी किया था। कुछ समय पहले अवैध संबंधों के आरोप लगने के बाद पत्नी घर से भाग गई थी और छत से कूदने की कोशिश भी की थी। सुशांत अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मेदिनीनगर के बारालोटा में रहता था। घटना से दो दिन पहले वह अपने सिंगरा गांव आया था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था।
सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
सुशांत ने अपने पिता के नाम लिखे नोट में लिखा— “पापा, हमें माफ कर दीजिएगा। मेरा इस परिवार के साथ इतना दिन तक चलना तकदीर में लिखा था। मेरे चलते आप लोगों की बदनामी हुई। अब मैं जिंदगी नहीं जी सकता।” उसने आगे सूरज कुमार पासवान और उसके माता-पिता के नाम का जिक्र करते हुए उन पर परिवार की स्थिति बिगाड़ने का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस और अदालत में मामला दर्ज कर बच्चों के हक की रक्षा की मांग की।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी लाल जी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गांव और परिवार में मातम का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में कल बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, इन सड़कों पर नो एंट्री… जानें

