अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : महिला क्रिकेट में भारत का नाम रोशन करने वाली स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक और बड़ा सम्मान देने का ऐलान किया है। ममता बनर्जी ने घोषणा की कि सिलीगुड़ी में एक नया स्टेडियम ऋचा घोष के नाम पर बनाया जाएगा, जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
विश्व कप जीत के बाद सम्मान का सिलसिला जारी
हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। इस जीत में ऋचा घोष ने अहम भूमिका निभाई और शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया।
विश्व कप जीत के बाद से चयनित खिलाड़ियों को राज्य और केंद्र सरकारों द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। इसी कड़ी में ऋचा घोष को पश्चिम बंगाल सरकार ने विशेष सम्मान दिया।
बंगभूषण और DSP पद भी मिला
ममता बनर्जी ने 8 नवंबर को ऋचा घोष को ‘बंगभूषण सम्मान’ से नवाजा था। इसके साथ ही, उन्हें बंगाल पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) पद के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया। यह सम्मान राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्टेडियम से बढ़ेगा बंगाल का गौरव
ममता बनर्जी ने कहा कि नया स्टेडियम उत्तर बंगाल के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर प्रदान करेगा, जिससे राज्य में महिला क्रिकेट को नई उड़ान मिलेगी। यह स्टेडियम युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ-साथ बंगाल की खेल उपलब्धियों को नई पहचान देगा।
युवाओं के लिए प्रेरणा
ऋचा घोष की यह सफलता सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बंगाल और भारत के लिए गर्व का विषय है। उनके नाम पर बनेगा यह स्टेडियम खेल के क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों को सशक्त रूप से प्रदर्शित करेगा।
इसे भी पढ़ें : AI के दुरुपयोग पर CJI भी चिंंचित, क्या बोल गये… जानें

