अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
UP : उत्तर प्रदेश में कांवर यात्रा के दौरान हो रही मारपीट और अनुशासनहीनता को देखते हुए यूपी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत ओवरहाइट डीजे और बिना साइलेंसर वाली बाइकों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
ओवरहाइट डीजे पर कार्रवाई
शनिवार को मेरठ में पुलिस ने कई ऐसे डीजे वाहनों को रोका जिनकी ऊंचाई तय सीमा से ज्यादा थी। जांच में पता चला कि 55 डीजे सेटअप की ऊंचाई 12 से 16 फीट तक थी, जबकि अधिकतम सीमा 10 फीट निर्धारित है। इससे ट्रैफिक में बाधा और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने का खतरा था। पुलिस के निर्देश पर डीजे संचालकों ने ऊंचाई घटाकर 10 फीट कर दी।
त्रिशूल, लाठी और डंडों पर भी बैन
मारपीट की घटनाओं को देखते हुए कांवड़ियों के हथियारनुमा सामान जैसे त्रिशूल, लाठी, हॉकी और डंडे ले जाने पर भी रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिलों में तुरंत लागू कर दिया गया है।
नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि नए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कांवर यात्रा एक धार्मिक परंपरा है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read : बिहार के इन जिलों में नहीं होगी पानी की किल्लत, जुगाड़ में जुटी सरकार



