अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा सदर और कांडी प्रखंड में प्रखंड प्रमुख के चुनाव को लेकर प्रशासन ने आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों प्रखंडों में यह पद काफी समय से खाली था। अब पंचायत समिति के प्रमुख पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, दोनों प्रखंडों में पहले अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रखंड प्रमुख का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद से ही नए चुनाव को लेकर चर्चा चल रही थी, जिस पर अब प्रशासन ने अंतिम मुहर लगा दी है।
8 और 19 जनवरी को होगा मतदान
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, गढ़वा सदर प्रखंड में 8 जनवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि कांडी प्रखंड में 19 जनवरी को पंचायत समिति सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी।
SDM संजय कुमार बने निर्वाची पदाधिकारी
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को दोनों प्रखंडों के चुनाव के लिए अध्यक्ष सह निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती
गढ़वा सदर प्रखंड के लिए अंचल अधिकारी मोहम्मद सफी आलम को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं कांडी प्रखंड के लिए अंचल अधिकारी राकेश सहाय को यह जिम्मेदारी दी गई है।
प्रखंड कार्यालय परिसर में होंगे चुनाव
निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि दोनों प्रखंडों में चुनाव संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसर में ही आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इसे भी पढ़ें : गढ़वा जेल में न्याय और स्वास्थ्य की किरण, बंदियों के चेहरे पर मुस्कान

