अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी का दिल कहे जाने वाला मोरहाबादी मैदान एक बार फिर जगमगाने को तैयार है। हर साल की तरह इस बार भी यहां उमड़ेगा उत्साह, रौनक और खरीदारी का संगम। 16 सितंबर से शुरू हो रहा है एक्सपो उत्सव 2025, जो इस बार और भी भव्य रूप में लोगों के सामने पेश होगा। शॉपिंग, स्वाद और मस्ती के इस महाकुंभ का उद्घाटन झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद शाम 5 बजे करेंगे।
इस साल सात दिनों का मेला, हर दिन नया अनुभव
पिछले वर्षों में यह उत्सव केवल 5 दिनों तक सिमटा रहता था, लेकिन इस बार रांचीवासियों को 7 दिनों तक शॉपिंग, मनोरंजन और स्वाद का संगम मिलेगा। सुबह से शाम तक हर उम्र का व्यक्ति यहां अपने लिए कुछ न कुछ खास पाता नजर आएगा।
भारत से विदेश तक – 400 से अधिक स्टॉल
एक्सपो में इस बार 400 से ज्यादा स्टॉल्स सज रहे हैं। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश, थाईलैंड और अफगानिस्तान जैसे देशों से भी व्यापारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। खास बात यह कि ग्राहकों को यहां 5% से 50% तक की छूट भी मिलेगी।
“पिंक हैंगर” से “अर्बन ज़ोन” तक महिलाओं के लिए खास
महिलाओं और युवतियों के लिए बनाया गया “पिंक हैंगर” इस बार का मुख्य आकर्षण रहेगा, जहां डिजाइनर कपड़े, एक्सेसरीज़ और कॉस्मेटिक्स उनकी पसंद को और खास बनाएंगे। सजावट और साज-सज्जा के शौकीनों के लिए “अर्बन ज़ोन” में फर्नीचर और डेकोरेशन के शानदार विकल्प मौजूद होंगे। वहीं, नए उद्यमियों के सपनों को पंख देने के लिए “स्टार्टअप बाजार” खासतौर पर रियायती दरों पर स्टॉल उपलब्ध करवा रहा है।
बच्चों और खाने के शौकीनों के लिए बढ़िया जुगाड़
बच्चों के लिए “फनगोला एम्यूजमेंट पार्क” होगा, जहां राइड्स और गेम्स का मज़ा मिलेगा। वहीं खाने-पीने के शौकीनों के लिए फूड ज़ोन अलग ही दुनिया पेश करेगा। यहां भारतीय व्यंजनों से लेकर अंतरराष्ट्रीय जायकों तक सबकुछ मौजूद रहेगा।
प्रतियोगिताओं से सजेगा हर दिन
एक्सपो उत्सव का हर दिन किसी उत्सव से कम नहीं होगा। डांस प्रतियोगिता, फैशन शो, योगा, पेंटिंग, डॉग शो, हेल्दी बेबी एंड मॉम शो, तंबोला, वॉइस ऑफ एक्सपो और फैंसी ड्रेस जैसे इवेंट्स आगंतुकों का मन मोह लेंगे।
सिर्फ शॉपिंग नहीं, यादगार पलों को संजोने का मौका
यह मेला केवल खरीदारी का स्थान नहीं, बल्कि परिवार और दोस्तों संग यादगार पलों को संजोने का मौका है। रोशनी से सजी शामें, स्वाद से भरे ठेले, हंसी-खुशी से गूंजते मैदान और आकर्षक ऑफर्स… यही है रांची का अपना एक्सपो उत्सव 2025।
इसे भी पढ़ें : 400 स्टॉल, 9 जोन और नए सरप्राइज… रांची का एक्सपो उत्सव शुरू होने को तैयार

