अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ की पुलिस लाइन का मैदान इन दिनों कुछ अलग ही नजारा पेश कर रहा था। सीटी की आवाज़, मैदान में गूंजते नारों और खिलाड़ियों के उत्साह से वातावरण ऊर्जा से भरा हुआ था। तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को न केवल खेल का आनंद दिया बल्कि आपसी एकता और टीम भावना को भी मजबूत किया।
साहिबगंज और जामताड़ा का जलवा
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण साहिबगंज और जामताड़ा की टीमों का प्रदर्शन रहा। जब विजेताओं की घोषणा हुई और दोनों टीमों को संयुक्त ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, तो खिलाड़ियों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने दोनों टीमों को ट्रॉफी थमाई तो पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।
आईजी का खास ऐलान
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी कठिन होती है, लेकिन ऐसे आयोजन जवानों को मानसिक और शारीरिक ऊर्जा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी जवानों को तीन दिन का विशेष अवकाश देने की घोषणा की। इतना सुनते ही मैदान में मौजूद पुलिसकर्मियों के चेहरों पर मुस्कान फैल गई।
पाकुड़ के पुलिस लाइन में आयोजित तीन दिवसीय संथाल परगना क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का समापन, ईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा और एसपी निधि द्विवेदी ने विजेताओं को नवाजा pic.twitter.com/2Jk23qF6IB
— News Samvad (@newssamvaad) September 14, 2025
खेल ही नहीं, अनुशासन का भी प्रदर्शन
समारोह का एक खास दृश्य रहा मार्च पास्ट। सभी जिलों की टीमें कदमताल मिलाकर आगे बढ़ीं तो मानो एक लयबद्ध अनुशासन और देशभक्ति का संगम दिख रहा हो। मंच पर बैठे अधिकारियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अगले साल साहिबगंज में मुलाकात
समापन के मौके पर यह भी घोषणा हुई कि अगली प्रतियोगिता साहिबगंज में आयोजित की जाएगी। इससे साहिबगंज के खिलाड़ियों और दर्शकों में नई उमंग देखने को मिली।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह, जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता, पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी, एसडीपीओ दयानंद आजाद, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने किया। कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ सुरक्षा और अनुशासन का पर्याय नहीं है, बल्कि खेल और संस्कृति की धारा से भी गहराई से जुड़ी हुई है।
इसे भी पढ़ें : विकास की गंगा गांव-गांव तक पहुंचेगी, ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ : स्टीफन मरांडी

