अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh (Krishna Paswan, Chauparan) : हजारीबाग के चौपारण के चोरदाहा पंचायत के लोग गुजरे 30 घंटे से परेशान हैं। उनकी परेशानी का कारण है बिजली। चोरदाहा पंचायत में गुजरे करीब 30 घंटे से बत्ती गुल है। उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। बैटरी-इंवर्टर सब बैठ चुके हैं। टंकी की पानी तक खत्म हो चुका है। पंखे, कूलर या फ्रिज की तो बात ही छोड़ दीजिये। गर्मी और अंधेरे ने लोगों की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। बिजली विभाग की अनदेखी के चलते उन्हें आए दिन बिजली के फॉल्ट खुद ही ठीक करवाने पड़ते हैं। कई लोग अपने खर्च पर निजी मिस्त्री बुलाकर बिजली बहाल करवाते हैं, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।
बच्चों की पढ़ाई पर असर
कुछ लोगों ने कहा कि बच्चों की परीक्षा चल रही है। ऐसे में 30-30 घंटे से ज्यादा बत्ती गुल होना दुर्भग्यपूर्ण है। बिजली न होने से सबसे ज्यादा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शाम होते ही घरों में अंधेरा छा जाता है, और बच्चों को टॉर्च की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ता है। गर्मी और अंधेरे ने पढ़ाई के साथ-साथ घर के अन्य काम भी कठिन बना दिए हैं।
पुलिसकर्मियों की जिंदगी भी मुश्किल में
चोरदाहा पंचायत में स्थित अंतर-राज्यीय चेकपोस्ट भी रातभर अंधेरे में डूबा रहा। बिजली न होने की वजह से यहां तैनात पुलिसकर्मी भी परेशान हैं। नहाने-धोने के लिए उन्हें ग्रामीणों के चापनल पर जाना पड़ा और पीने का पानी भी आसानी से नहीं मिल पा रहा।
नाम नहीं छापने की शर्त पर एक स्थानीय शख्स ने कहा कि “हमने कई बार बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। गर्मी इतनी है कि रात में भी नींद नहीं आती। बच्चों की पढ़ाई, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी… सब कुछ प्रभावित हो रहा है।”
विभाग की लापरवाही से बढ़ती नाराजगी
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों का कहना है कि बिजली की लगातार कटौती और विभाग की लापरवाही न केवल आम जनता की जिंदगी मुश्किल बना रही है, बल्कि कानून व्यवस्था में लगे लोगों के कामकाज को भी बाधित कर रही है। गांव के लोग सरकार और बिजली विभाग से अपील कर रहे हैं कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। एक ऐसा कदम जो बच्चों की पढ़ाई, परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी और सुरक्षा कर्मचारियों के काम को प्रभावित किए बिना, सभी को राहत दे सके।
इसे भी पढ़ें : 195 एकड़ में इकोलॉजिकल पार्क बनकर तैयार, CM करेंगे उद्घाटन, कब और कहां… जानें

