अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : बाराबंकी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग कयामत के दिन का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें कयामत के लिए नहीं बल्कि देश के कानून और व्यवस्था के अनुसार जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार रुकने वाली नहीं है। यह सरकार जितना कहती है, उतना ही काम भी करती है और जितना करती है, उतना ही बोलती है।
बाबरी मस्जिद और राम मंदिर को लेकर साफ संदेश
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जो लोग कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं, वह दिन आने वाला नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बाबरी मस्जिद अब कभी नहीं बनेगी और सरकार देश की विरासत को लगातार मजबूत करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि करीब 500 साल बाद अयोध्या में गौरवपूर्ण क्षण आया, जब राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई सरकारें आईं और गईं, कई राजा और महाराजा हुए, लेकिन अयोध्या में पहले राम मंदिर क्यों नहीं बन पाया, यह भी देश ने देखा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भगवान राम सबके हैं और राम किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं।
संकट में राम को याद करने वालों पर टिप्पणी
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग अवसरवादी रवैया अपनाते हैं। संकट आने पर वे भगवान राम को याद करते हैं, लेकिन बाकी समय उन्हें भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अब भगवान राम भी भूल चुके हैं।
कानून मानेंगे तो सुरक्षित रहेंगे, तोड़ेंगे तो सजा तय
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कयामत के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो। उन्होंने कहा कि कानून मानोगे तो फायदे में रहोगे, लेकिन कानून तोड़ने वालों का रास्ता सीधा जहन्नुम की ओर जाता है।
उन्होंने कहा कि हर भारतवासी का लक्ष्य एक भारत, श्रेष्ठ भारत होना चाहिए। देश वैभवशाली और विकसित बने, यही सभी का ध्येय होना चाहिए।
धर्म और देश को बताया एक दूसरे का पूरक
सीएम योगी ने कहा कि हर संत देश के लिए होता है और धर्म भी देश के लिए होता है। धर्म और देश आत्मा और शरीर की तरह हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सनातन एक दूसरे के पूरक हैं और दोनों साथ मिलकर देश को आगे बढ़ाते हैं।
दुल्हदेपुर में आयोजित जनसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री
यह जनसभा बाराबंकी जिले के बाराबंकी में दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के दुल्हदेपुर गांव स्थित बाबा हरिशंकर दास की कुटी परिसर में आयोजित की गई थी।
मंगलवार को दोपहर करीब सवा दो बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कुटी के पास उतरा। यहां उनका स्वागत महंत बलरामदास ने किया।
कथा मंडप का उद्घाटन और यज्ञ में भागीदारी
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कथा मंडप का उद्घाटन किया और रामार्चा यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद उन्होंने कुटी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और लोगों से कानून, राष्ट्र और विकास के रास्ते पर चलने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : T20 WC 2026 : ICC की सख्ती से बदला पाकिस्तान, भारत से मैच को तैयार

